Uttarakhand हाईकोर्ट ने किए न्यायिक अधिकारियों के तबादले, हरिश कुमार गोयल बने देहरादून के जिला जज

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, नैनीताल : Uttarakhand हाईकोर्ट ने राज्य के न्यायिक अधिकारियों के तबादलों और अतिरिक्त प्रभार को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। आदेश के तहत पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल को तत्काल प्रभाव से देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। यह पद पिछले कुछ समय से रिक्त था।

अधिसूचना के अनुसार, नैनीताल के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं देहरादून की एफटीसी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय, देहरादून की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

इसी क्रम में देहरादून के तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ऊधमसिंह नगर की एफटीसी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को भी विशेष पॉक्सो न्यायालय का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

हाईकोर्ट ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), हरिद्वार में विधि सलाहकार के पद के लिए हरिश कुमार गोयल के नाम की संस्तुति राज्य सरकार को भेजी है। साथ ही हरिद्वार के पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को विधि सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की भी सिफारिश की गई है।

हालांकि, यूकेपीएससी से संबंधित दोनों नियुक्तियां राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद ही प्रभावी होंगी। हाईकोर्ट के इस प्रशासनिक आदेश के बाद राज्य के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक कार्यों के संचालन में आवश्यक व्यवस्थागत बदलाव किए जाएंगे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours