ख़बर रफ़्तार, अल्मोड़ा : Almora स्याल्दे ब्लॉक के बसई गांव के रतखेत तोक में शनिवार को एक बुजुर्ग महिला की हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, गांव के ही 70 वर्षीय राजे सिंह का पड़ोस में रहने वाली 66 वर्षीय तुलसी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद राजे सिंह ने दरांती और पत्थरों से तुलसी देवी पर हमला कर दिया।
गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत
बताया गया कि तुलसी देवी पर सिर में गंभीर वार किए गए। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गईं। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याल्दे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई हरीश चंद्र डुगरियाल के मुताबिक, तुलसी देवी करीब 40 वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं और अपनी 95 वर्षीय मां धनुली देवी की देखभाल करती थीं।
बेटी को बचाने पहुंची 95 वर्षीय मां पर भी हमला
घटना के दौरान तुलसी देवी की चीख-पुकार सुनकर उनकी 95 वर्षीय मां धनुली देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी दरांती के उल्टे हिस्से से वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गईं और जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई हरीश चंद्र ने 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर देघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल बताए जा रहे हथियार को भी कब्जे में लिया गया है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी राजे सिंह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस घटना के पीछे हुए विवाद और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

+ There are no comments
Add yours