Saharanpur Fake नोट कांड के तार रुड़की तक पहुंचे, NIA ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, रुड़की : Saharanpur Fake उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में मिली करीब 17 करोड़ 29 लाख रुपये की कथित जाली करेंसी के मामले की जांच अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है। शनिवार, 19 सितंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम हरिद्वार जिले के रुड़की पहुंची और गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में कार्रवाई की।

जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम गणेशपुर स्थित सेक्टर रोड की प्रीत विहार कॉलोनी पहुंची थी। टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। यहां एक घर में कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद NIA उसे अपने साथ ले गई।

17.29 करोड़ की जाली करेंसी मिलने से मचा था हड़कंप

दरअसल, सहारनपुर में घंटाघर के पास पंजाब नेशनल बैंक की सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट में बड़ी मात्रा में जाली नोट मिलने का मामला सामने आया था। जांच के दौरान करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ 29 लाख रुपये की करेंसी कथित तौर पर जाली पाए जाने की बात सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपी गई। जांच के दौरान NIA ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया है और कथित तौर पर जाली करेंसी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

जगाधरी करेंसी चेस्ट मैनेजर की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी जांच

जानकारी के अनुसार, NIA ने हाल ही में जगाधरी करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सामने आए कुछ नामों और जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में NIA की टीम रुड़की पहुंची और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।

गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि शनिवार को NIA की टीम रुड़की आई थी और टीम एक व्यक्ति को अपने साथ लेकर गई है। फिलहाल NIA की कार्रवाई और हिरासत में लिए गए व्यक्ति की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours