ख़बर रफ़्तार, रामनगर : उत्तराखंड के रामनगर स्थित कॉर्बेट लैंडस्केप से होकर बहने वाली कोसी नदी में हाथियों के झुंड को पार करते हुए देखना हमेशा रोमांचक होता है। लेकिन रिंगौड़ा क्षेत्र में नदी पार करते समय सामने आया एक दृश्य लोगों के दिल को छू गया। तेज बहाव में एक बेहद छोटा हाथी का बच्चा अचानक बहने लगा, जिसके बाद उसकी मां ने नदी में उतरकर उसे सुरक्षित बचा लिया।
बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड में तीन बच्चे शामिल थे। इनमें दो बच्चे अपेक्षाकृत बड़े थे और आसानी से नदी पार कर गए, लेकिन तीसरा बच्चा बेहद छोटा था। उसकी उम्र एक महीने से भी कम बताई जा रही है।
तेज बहाव में फंसा नन्हा हाथी
कोसी नदी का बहाव तेज होने के कारण नन्हा हाथी पानी में खुद को संभाल नहीं पा रहा था। कुछ ही पलों में वह बहाव के साथ आगे खिसकने लगा। इसी दौरान बच्चे ने अपनी सूंड पानी से बाहर निकाली और मां की ओर संकेत किया।
बच्चे की परेशानी को मां ने तुरंत महसूस किया। बिना देर किए हथिनी तेज बहाव के बीच नदी में उतर गई और तैरते हुए अपने बच्चे तक पहुंची। इसके बाद उसने अपनी सूंड की मदद से नन्हे हाथी को संभाला और उसे धीरे-धीरे सुरक्षित किनारे की ओर ले आई।
वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर ने कैमरे में कैद किया पल
मां और बच्चे के बीच का यह पूरा घटनाक्रम वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर एवं वन्यजीव प्रेमी दीप रजवार ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। दीप रजवार के मुताबिक, झुंड में शामिल दो बड़े बच्चे पहले ही नदी पार कर चुके थे, जबकि नवजात के करीब उम्र वाला तीसरा बच्चा तेज पानी में फंस गया था।
उन्होंने बताया कि बच्चे के बहने के दौरान उसका मां की ओर संकेत करना और इसके तुरंत बाद हथिनी का नदी में पहुंचना इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक हिस्सा था।
हाथियों में मजबूत होता है मां-बच्चे का रिश्ता
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला के मुताबिक, हाथियों को उनकी मातृत्व क्षमता और मजबूत सामाजिक संबंधों के लिए जाना जाता है। हाथियों के झुंड में सामान्यतः मादा हाथियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और वे बच्चों की सुरक्षा में भी सक्रिय रहती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं हाथियों के बीच बच्चों के प्रति गहरे लगाव और समूह के सदस्यों के बीच सहयोग को दर्शाती हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कोसी नदी के तेज बहाव के बीच मां हथिनी द्वारा अपने बच्चे को बचाने का यह खास पल अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई देता है कि कैसे नन्हा हाथी पानी के बहाव में संघर्ष करता है और मां तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंच जाती है।
जंगल से सामने आया यह दृश्य वन्यजीवों के बीच मां और बच्चे के मजबूत रिश्ते की एक भावुक तस्वीर पेश करता है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए मां किस तरह मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर सकती है।

+ There are no comments
Add yours