ख़बर रफ़्तार, रुद्रपुर: Cyber Frauds ने रुद्रपुर पुलिस लाइन में तैनात एक पुलिसकर्मी के मोबाइल को कथित तौर पर हैक कर उसके बैंक खाते से 1.42 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल में दो बार तकनीकी समस्या आने के बाद जब पुलिसकर्मी ने अपना बैंक खाता चेक किया, तब उसे रकम गायब होने की जानकारी मिली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिल्म देखने के दौरान खराब हुआ मोबाइल
पुलिसकर्मी नरेश सिंह के अनुसार, वह 9 सितंबर की शाम फिल्म देखने गया था। इसी दौरान उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया और ऑन-ऑफ नहीं हो रहा था। अगले दिन परेड के दौरान उसने साथी पुलिसकर्मी को मोबाइल की समस्या बताई। साथी ने फोन चेक करने के बाद उसे ठीक कर दिया।
मोबाइल ठीक होने के बाद नरेश ने एहतियातन अपना बैंक खाता भी चेक किया। उस समय खाते में रकम सुरक्षित थी और किसी तरह की संदिग्ध निकासी दिखाई नहीं दी।
दोबारा मोबाइल हुआ हैक, खाते से रकम गायब
नरेश के मुताबिक, उसी दिन देर शाम मोबाइल में फिर समस्या आने लगी। इसके बाद 11 सितंबर को उसने मोबाइल एक दुकान पर ठीक कराया। फोन ठीक होने के बाद जब उसने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो उसके होश उड़ गए। खाते में मौजूद 1.42 लाख रुपये गायब थे।
ट्रांसफर किए गए खातों की जानकारी जुटा रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। उसकी तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है। साथ ही मोबाइल हैक होने और बैंक खाते से रकम निकाले जाने की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours