ख़बर रफ़्तार , देहरादून : राजधानी देहरादून में 6 नवंबर को घर से बाहर निकलने वाले लोगों को बदली हुई यातायात व्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है। परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस के त्योहार को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का रूट बदला जाएगा, जबकि परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास कार्यक्रम के दौरान जीरो जोन रहेगा। इसके अलावा बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।
परेड ग्राउंड के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर भेजा जाएगा।
- बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी के रास्ते से गुजरेंगे।
- आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान इन मार्गों पर यातायात पुलिस की ओर से विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जनसभा में आने वाली बसों के लिए तय किए गए अलग-अलग रूट
जनसभा में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए विशेष रूट और पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है।
- हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें: रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे तक पहुंचेंगी। यात्रियों को पानी की टंकी के पास उतारने के बाद बसें सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।
- रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसें बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।
- सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें: सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी और गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।
- विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें: किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर और ओरिएंट चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग भी गुरुद्वारा ग्राउंड में रहेगी।
VIP और सामान्य वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने जनसभा में आने वाले वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
वीआईपी वाहनों की पार्किंग:
- शेड पार्किंग
- कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग
- तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग
छोटे वाहनों की पार्किंग:
- रेंजर्स ग्राउंड
- काबुल हाउस पार्किंग
- मंगला देवी इंटर कॉलेज
बसों की पार्किंग:
- बन्नू स्कूल ग्राउंड
- गुरुद्वारा ग्राउंड
- गुरु नानक ग्राउंड, रेसकोर्स
पुलिस लाइन के आसपास भी रहेगा जीरो जोन
पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- बन्नू चौक से नेगी तिराहा की ओर जाने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक से होकर गुजरेंगे।
पार्किंग व्यवस्था: वीआईपी वाहनों के लिए पुलिस लाइन शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन और एमटी सेक्शन ग्राउंड निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सामान्य वाहनों की पार्किंग गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में होगी।
धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी के लिए यहां करें पार्किंग
धनतेरस के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की है।
- धर्मपुर बाजार: रेसकोर्स क्षेत्र में पार्किंग।
- नेहरू कॉलोनी: जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर पार्किंग।
- रिस्पना क्षेत्र: राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास सड़क किनारे पार्किंग।
- प्रेमनगर बाजार: दशहरा ग्राउंड में पार्किंग।
- रायपुर शिव मंदिर बाजार: मालदेवता रोड पर पार्किंग।
इसके अलावा सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन सर्वे चौक के पास, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्क किए जा सकेंगे।
चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। ईसी रोड, रिस्पना पुल और धर्मपुर क्षेत्र से आने वाले लोग रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में वाहन खड़े कर सकेंगे।
सहारनपुर चौक और पटेलनगर से आने वाले वाहन पुराने बस अड्डे, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्क किए जा सकेंगे। वहीं, पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग निर्धारित की गई है। रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में दोपहर 3 बजे से पार्किंग उपलब्ध होगी।
पलटन बाजार में सुबह 10 से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों की नो एंट्री
धनतेरस के दौरान पलटन बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। यहां सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों और लोडिंग वाहनों को सुबह 10 बजे से पहले सामान की लोडिंग-अनलोडिंग का काम पूरा करना होगा।
वन-वे व्यवस्था के तहत वाहन केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जा सकेंगे। पलटन बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन व्यवस्था के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी किया गया बदलाव
जनसभा और धनतेरस के दौरान यातायात का दबाव कम करने के लिए विक्रम और सिटी बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है।
- विक्रम संख्या-3 धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए संचालित होंगे।
- विक्रम संख्या-5 और 8 रेलवे स्टेशन से वापस होंगे।
- विक्रम संख्या-2 सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस किए जाएंगे।
- विक्रम संख्या-1 केवल ओरिएंट चौक तक आएंगे।
- प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के विक्रम बिंदाल कट से वापस होंगे।
वहीं, राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए चलेंगी। विश्वनाथ सेवा की बसों का संचालन चुना भट्ठा से होगा। रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसें सर्वे चौक और बहल चौक होते हुए गुजरेंगी।
बाजारों में भीड़ बढ़ने पर लागू होगा अतिरिक्त डायवर्जन
यातायात पुलिस ने शहर में भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त डायवर्जन की भी व्यवस्था की है।
- पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी: यातायात का दबाव बढ़ने पर इन क्षेत्रों को जीरो जोन बनाया जाएगा। यहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा।
- सर्वे चौक: रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा।
- घंटाघर: राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- धर्मपुर चौक: माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स और नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा।
नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने पर लगेगा 1500 रुपये जुर्माना
एसपी ट्रैफिक जया बलूनी ने बताया कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को ट्रैफिक क्रेन से टो किया जाएगा और वाहन मालिक पर 1,500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके अलावा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आम लोगों के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धनतेरस और जनसभा के दौरान निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें। खरीदारी के लिए दोपहिया या सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते बाजार पहुंचें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होगी।
