Rudrapur में CM धामी का कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी-अखिलेश यादव को घेरा; ‘मोहब्बत की दुकान घाटे में’

ख़बर रफ़्तार , रुद्रपुर : उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में मंगलवार को बीजेपी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हिस्सा लिया। पदयात्रा से पहले गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लिया।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर देश में भ्रम और अराजकता फैलाने, सनातन संस्कृति के प्रति विरोधी सोच रखने और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति अब केवल विरोध और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है।

राहुल गांधी और खड़गे पर सीएम धामी का निशाना

गांधी पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने विपक्ष की मौजूदा स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’। सीएम ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को संसद से बाहर का रास्ता दिखाया है, लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के जरिए भी अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने का प्रयास कर रहा है।

सीएम धामी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस दीपावली के बाद भी अपना कार्यक्रम आयोजित कर सकती थी। उनके मुताबिक, रैली के चलते बाजारों और दुकानों को बंद कराया गया, जिससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कार्यक्रमों से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुईं और लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहने पर जनता के लिए और सत्ता से बाहर रहने पर देश के लिए खतरा बन जाती है।

राहुल गांधी पर अजीत डोभाल को लेकर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का सेना से गहरा संबंध है और भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है।

सीएम धामी ने कहा कि सेना के शौर्य और उसकी कार्रवाई पर सवाल उठाने से सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर सेना की कार्रवाई के सबूत मांगने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि यदि पार्टी के नेताओं को अपने ही वरिष्ठ नेताओं के बयान उचित नहीं लगते हैं तो उन्हें खुलकर उसका विरोध करना चाहिए।

खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का उठाया मुद्दा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने खटीमा गोलीकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना में सात लोगों की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे।

वहीं, रामपुर तिराहा कांड को याद करते हुए उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सीएम ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए उस घटना के जख्म आज भी ताजा हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर उनका अपमान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं को उत्तराखंड की जनता आज भी नहीं भूली है।

मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी लगाए आरोप

मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधा। उन्होंने हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे जिहादी और उन्मादी नारों पर उनकी चुप्पी को लेकर सवाल उठाए।

सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं। उन्होंने कहा कि जहां उन्हें विरोध करना चाहिए, वहां वे चुप्पी साध लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को न्याय यात्रा के बजाय अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की विपक्ष की मांग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने संबंधी बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी।

‘मोहब्बत की दुकान अब घाटे में चल रही है’

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ वाली टिप्पणी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान अब घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।

सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति का आधार केवल विरोध और भ्रम फैलाना रह गया है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होने तक सरकार इसी दिशा में काम करती रहेगी।

उत्तराखंड में बीजेपी सरकार के विकास कार्य गिनाए

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बीजेपी सरकार की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है और जनता ने उसे कई बार चुनाव में नकारा है।

सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी जनता के बीच जाकर सरकार के कामकाज और योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा प्रदेश में एम्स की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऊधम सिंह नगर के खुरपिया क्षेत्र में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना से जुड़ी बाधाएं भी दूर हुई हैं।

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका

बीजेपी की जनसभा के दौरान उस समय कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई, जब अपनी समस्या लेकर एक युवक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को सीएम तक पहुंचने से रोक दिया और उसे वहां से बाहर कर दिया।

इस घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला सामने आने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी समस्या सुनने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम ने जनसभा के दौरान लोगों का ध्यान खींचा।

गांधी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा, बाजारों से होकर गुजरे नेता

जनसभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा और पार्टी के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया।

पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू हुई और बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर तथा काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क आकर संपन्न हुई।

इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया। रुद्रपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए बीजेपी ने विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक संदेश देने के साथ ही आगामी चुनावों को लेकर अपनी सक्रियता भी दिखाई।

You May Also Like

More From Author