Pithoragarh : आदि कैलाश यात्रा के दौरान इंदौर के 27 वर्षीय युवक की मौत, सांस लेने में हुई थी परेशानी

ख़बर रफ़्तार , पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तिलक शर्मा पुत्र मनोज शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आदि कैलाश के दर्शन करने के बाद वापस लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और शरीर में ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई। दोस्तों ने उन्हें तत्काल ऑक्सीजन देने का प्रयास किया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

दोस्तों के साथ आदि कैलाश यात्रा पर आए थे तिलक

जानकारी के मुताबिक, तिलक शर्मा अपने सात दोस्तों के साथ उत्तराखंड घूमने आए थे। आदि कैलाश जाने से पहले इस दल ने नीम करोली बाबा, जागेश्वर धाम और मुक्तेश्वर के दर्शन किए थे। इसके बाद सभी नैनीताल घूमते हुए आदि कैलाश पहुंचे। यात्रा पूरी कर वापस लौटते समय अचानक तिलक की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी होने लगी।

दोस्तों ने अपने पास मौजूद ऑक्सीजन किट से उन्हें ऑक्सीजन देने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें वाहन से आर्मी बेस कैंप पहुंचाया गया। यहां रात करीब आठ बजे डॉक्टरों ने उन्हें इंजेक्शन और जरूरी दवाइयां दीं। प्राथमिक उपचार के बाद भी जब उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें दूसरे बेस कैंप स्थित बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।

अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद तोड़ा दम

दोस्त तिलक को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने के महज 10 से 15 मिनट बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद उनके शव को धारचूला लाया गया, जहां राजकीय चिकित्सालय में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, शव का पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि यात्री की मौत की जानकारी मिली है। पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

महाकाल मंदिर के लिए बनाते थे चांदी के मुकुट और श्रृंगार सामग्री

तिलक शर्मा मध्य प्रदेश के इंदौर के प्रसिद्ध सराफा बाजार में अपनी दुकान संचालित करते थे। वह उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के लिए विशेष रूप से चांदी के मुकुट और श्रृंगार सामग्री तैयार करते थे। मंदिर में भगवान के श्रृंगार के लिए इस्तेमाल होने वाले चांदी के नेत्र, कानों के आभूषण, टीका और छत्र जैसी सामग्री भी उनके द्वारा बनाई जाती थी।

तिलक के सोशल मीडिया अकाउंट पर महाकाल मंदिर के लिए चांदी के मुकुट तैयार करते हुए कई वीडियो मौजूद हैं। इनमें उन्होंने दावा किया था कि उनके बनाए मुकुट महाकाल मंदिर में भगवान को अर्पित किए जाते हैं और उनके श्रृंगार में इस्तेमाल होते हैं।

परिवार का इकलौता बेटा था तिलक, अगले साल होनी थी शादी

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, तिलक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता भी उनके साथ कारोबार में हाथ बंटाते थे। परिवार में अगले साल होली के बाद उनकी शादी तय थी। बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस साल आदि कैलाश यात्रा में अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत

इस साल आदि कैलाश यात्रा के दौरान अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इससे पहले सुधीर नाम के एक श्रद्धालु की भी यात्रा से लौटते समय धारचूला पहुंचने पर तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई थी।

दरअसल, आदि कैलाश का इलाका काफी ऊंचाई पर स्थित है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण यात्रियों को सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतना जरूरी है।

कहां स्थित है आदि कैलाश?

आदि कैलाश उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला उपखंड में भारत-तिब्बत सीमा के पास स्थित है। इसे छोटा कैलाश, शिव कैलाश और बाबा कैलाश के नाम से भी जाना जाता है। समुद्र तल से इसकी ऊंचाई लगभग 5,945 मीटर है। यह पर्वत तिब्बत स्थित मुख्य कैलाश पर्वत की प्रतिकृति माना जाता है।

आदि कैलाश भारत की सीमा में स्थित होने के कारण यहां जाने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं होती, हालांकि यात्रियों को यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट लेना अनिवार्य होता है।

You May Also Like

More From Author