ख़बर रफ़्तार, बेरीनाग : Congress की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शुक्रवार को पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग और गंगोलीहाट पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। त्रिपुरादेवी में छोलिया नृत्य और फूल-मालाओं के साथ नेताओं का अभिनंदन किया गया, जबकि गंगोलीहाट के व्यालपाटा मैदान में आयोजित जनसभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सभा को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को ही टिकट देगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि टिकट से वंचित रहने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरकार बनने पर उचित सम्मान दिया जाएगा। गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में बार-बार प्रत्याशी बदलकर जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी और अवैध खनन जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही उन्होंने शिक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अपने संबोधन में गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों का भी उल्लेख करते हुए भाजपा पर जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को केवल वादों से नहीं, बल्कि ठोस योजनाओं और विकास कार्यों के आधार पर भरोसा दिलाना चाहती है।
पिछले दिनों पिथौरागढ़ में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे का जिक्र करते हुए गोदियाल ने कहा कि पार्टी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि संबंधित नेताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
सभा में विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हिमेश खर्कवाल, मनोज यादव, मनोज टम्टा, प्रदीप पाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। पिथौरागढ़ के बाद कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा अब बागेश्वर पहुंच गई है, जहां अगले दो दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
