16.2 C
London
Saturday, July 27, 2024
spot_img

जम्मू में आतंकी हमले में यूपी की रूबी और अनुराग की मौत, ये 12 लोग भी हुए घायल

ख़बर रफ़्तार, बलरामपुर:  माता वैष्णो देवी दर्शन करने गए तीर्थयात्रियों के साथ जम्मू के रियासी जिले में रविवार शाम को अनहोनी हो गई। रियासी जनपद स्थित शिवखोड़ी धाम से दर्शन कर लौटते समय यात्रियों की बस पर आतंकियों ने हमला (Reasi Terror Attack) कर दिया। बस पर सामने से आंतकियों ने गोली बरसनी शुरू कर दी, जिस कारण बस अनियंत्रित हाेकर खाई में पलट गई। आतंकी हमले में सदर तहसील के कांदभारी गांव की रहने वाली कुमारी रूबी पुत्री स्व. राम अछैबर वर्मा व नयानगर विशुनपुर बनकटवा निवासी अनुराग वर्मा पुत्र राजित राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कांदभारी गांव की विमला देवी, कुमारी मैना, भगवतपुर गांव की उषा पांडेय, मधवाजोत गांव निवासी संतोष कुमार वर्मा, उनकी पत्नी गीता वर्मा, भाई दिनेश कुमार वर्मा, बेटे शिवा वर्मा, नरायनपुर गांव के विकास वर्मा, उतरोला के शाहपुर इटई लालाडीह उषा देवी, काजल उर्फ अंशिका, नयानगर विशुनपुर बनकटवा निवासी राजित राम व पत्नी शारदा देवी घायल हो गई हैं।

घटना की जानकारी परिवारजनों को रविवार रात करीब तीन बजे प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने पर हुई। रात से घायलों का हाल जानने के लिए आसपास गांव के लोग पहुंचने लगे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज रियासी के अस्पतालों में चल रहा है। सभी की हालत ठीक बताई जा रही है।

जम्मू रवाना किए गए अधिकारी

जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार न्यायिक तुलसीपुर ज्ञानेंद्र कुमार सिंह व न्यायालय सुरक्षा के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान को जम्मू रवाना किया गया है। जो राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू, नारायणी हास्पिटल जम्मू व रियासी जिला अस्पताल से संपर्क स्थापित करेंगे। साथ ही इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को देंगे। दोनों अधिकारियों को आतंकी हमले से प्रभावित व्यक्तियों व परिवारों से संपर्क कर आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।

कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि रियासी जम्मू में हुई आतंकी घटना के प्रभावित व्यक्तियों से संपर्क करने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रबंधन केंद्र में कंट्रोल रूम (9170277336) स्थापित कर टीम गठित की गई है। टीम में नायब तहसीलदार अनुपम शुक्ल व आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह को कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी दी गई है।

टीम के सदस्य जम्मू के अस्पतालों से व रियासी जिला प्रशासन से संपर्क कर अपर जिलाधिकारी को अवगत कराएंगे। साथ ही पीड़ित परिवारों से समन्वय स्थापित कर उन्हें अद्यतन स्थिति से अवगत कराया जाएगा। घायलों व मृतकों के परिवारजन से संपर्क उनको हर संभव सहायता दी जा रही है।

विधायकों ने जताया दुख

सदर विधायक पल्टूराम ने घटना को कायरता पूर्ण बताते हुए निंदा की है। कहा कि घटना में घायल व मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। घटना दुखद है। जिलाधिकारी से वार्ता कर घटना की जानकारी ली है। उन्होंने प्रशासन स्तर पर किए जा रहे प्रयास को साझा किया। माता वैष्णों देवी से सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने शाहपुर इटई लालाडीह पहुंच कर परिवारजन से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

यह भी पढ़ें:5 हजार नहीं दोगे तो काम नहीं होगा’, यूपी के इस जिले में लेखपाल मांग रहा किसान से रिश्वत, फिर जो हुआ…

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here