Uttarakhand में 19 लाख मतदाताओं को नोटिस, मतदाता सूची की विसंगतियां दूर करने में जुटा निर्वाचन विभाग

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Uttarakhand के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या नाम हटवाने के लिए नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ, तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि पूरी प्रक्रिया मतदाताओं के लिए सरल और पारदर्शी बनी रहे।

प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों के संबंध में करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा लगभग 5.26 लाख मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। ऐसे मतदाताओं से अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र भरने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में चल रही है। अब तक अल्मोड़ा में लगभग 80 प्रतिशत, चम्पावत में 62 प्रतिशत और पौड़ी में 51 प्रतिशत नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं टिहरी में 4.7 प्रतिशत, उत्तरकाशी में 4.8 प्रतिशत और रुद्रप्रयाग में 5.5 प्रतिशत नोटिस ही जारी हो पाए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मामलों की सुनवाई बूथ स्तर पर की जाएगी। जांच के बाद बीएलओ अपनी रिपोर्ट तैयार कर बीएलओ ऐप पर अपलोड करेंगे। इसके पश्चात सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रोस्टर तैयार करेंगे। यदि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बीएलओ की रिपोर्ट से संतुष्ट होते हैं, तो उसी स्तर पर संबंधित प्रकरण का निस्तारण कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

You May Also Like

More From Author