Dehradun में घंटाघर के पास फोटो लेमिनेशन की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल घंटाघर के पास चकराता रोड स्थित एक फोटो लेमिनेशन की दुकान में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में दुकान के भीतर रखी लेमिनेशन मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। फायर कर्मियों ने आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और यातायात को नियंत्रित किया। चकराता रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जबकि लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश भट्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी प्रतीत हो रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। साथ ही दुकान में हुए आर्थिक नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था और इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours