ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Haridwar वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के कांसवाली बीट क्षेत्र में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक वन गुर्जर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान एहसान के रूप में हुई है, जो पास की गुर्जर बस्ती का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह सुबह घास काटने के लिए आरक्षित वन क्षेत्र में गया था। इसी दौरान उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने उस पर हमला कर कई बार पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान हाथी की मौजूदगी से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। विभाग ने घटनास्थल के फोटो, जीपीएस लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अकेले जंगल में गया था, जहां उसका हाथी से आमना-सामना हो गया। घटना के बाद वन विभाग ने एहतियात के तौर पर लोगों को उस क्षेत्र में जाने से मना किया है।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और बिना जरूरी कारण आरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश न करें। उधर, घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
