Dehradun : सड़क खोलने पहुंची PWD टीम से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा के आरोप में मुकदमा दर्ज

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun रायपुर थाना क्षेत्र में भारी बारिश के बाद बंद पड़े मालदेवता-सेरकी-सिल्ला-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग को खोलने के दौरान विवाद खड़ा हो गया। पीडब्ल्यूडी (PMGSY) की टीम के साथ कथित मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चार नामजद लोगों सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:50 बजे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी की टीम जेसीबी मशीन के जरिए बारिश से मार्ग पर आए मलबे को हटाकर सड़क को यातायात के लिए खोलने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काम को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पीएमजीएसवाई अधिकारी नितिन चौहान की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान श्याम सिंह पयाल, सुरेश जबाड़ी, पंवार हार्डवेयर, रतन हार्डवेयर से जुड़े लोगों सहित अन्य ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई तथा उन्हें खाई में धकेलने का प्रयास किया गया।

घटना में वाहन चालक ऋतिक, अधिकारी नितिन चौहान और अमित जटोदिया के घायल होने की बात कही गई है। शिकायत के मुताबिक, नितिन चौहान के हाथ की एक उंगली भी फ्रैक्चर हो गई। घटना की जानकारी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष और एसडीएम देहरादून को भी दी गई।

रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 121(1), 132, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दीपक सिंह पंवार को सौंपी गई है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से मलबे के कारण बंद थी और इसकी सूचना विभाग को पहले ही दे दी गई थी। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी काफी देर से मौके पर पहुंचे, जिससे लोगों में नाराजगी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author