जुड़वा बेटियों की हत्या: नशीली दवा देकर की गई मासूमों की हत्या, पोस्टमार्टम में बड़ा खुलासा

खबर रफ्तार, जुड़वा बेटियों की हत्या: कानपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। किदवईनगर क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक पिता ने अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों की हत्या कर दी।

जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, आरोपी पिता ने वारदात से पहले बच्चियों को नशीली दवा दी थी, जिसके कारण वे खुद को बचाने की स्थिति में नहीं थीं। पैनल और वीडियोग्राफी के बीच किए गए पोस्टमार्टम में इस बात की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि मामला इतना संवेदनशील था कि पोस्टमार्टम के दौरान उनके हाथ तक कांप गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले बेटियों का गला दबाया और फिर धारदार हथियार और भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या कर दी। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर जानकारी दी।

घटना के समय मां अपने छोटे बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी और उसे इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलने पर वह सदमे में आ गईं। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में शोक का माहौल है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि उसने अब तक हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले कुछ समय से उसका व्यवहार चिड़चिड़ा हो गया था।

इस बीच, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कई बार गंभीर मानसिक बीमारियों से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विस्तृत जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन जरूरी है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours