ख़बर रफ़्तार, अंबेडकरनगर: इटरौरा अशरफाबाद गांव में रात के अंधेरे में चेहरे पर टार्च मारने से नाराज युवक ने दूसरे युवक की गला दबाकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय और सीओ सुरेश कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। अनहोनी की आशंका से गांव में भारी पुलिस बल तैनात करा दिया गया। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकेश कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांव का युवक पंचम शुक्रवार देर रात अपने खेत की सिंचाई करने के लिए जा रहा था। रास्ते में गांव का मुकेश अंधेरे में मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। पंचम ने उसकी पहचान करने के लिए जब उसके चेहरे पर टार्च मारी, तो वह नाराज होकर मारपीट पर उतारू हो गया। दोनों के बीच हाथापाईं शुरू हो गई।
छावनी में तब्दील रहा गांव : रात में हत्या के बाद से ही गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई थी। बवाल की आशंका देख शनिवार को भी गांव में पुलिस बल तैनात रही। सीओ सुरेश कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
शव के दाह संस्कार तक पुलिस रही सजग : पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन शनिवार की दोपहर तीन बजे मृतक का शव लेकर गांव पहुंचे। किसी भी अनहोनी को लेकर पुलिस पहले से सजग थी। बेवाना के साथ ही अन्य थानों की पुलिस भी गांव में मुस्तैद नजर आई। दाह संस्कार हो जाने तक पुलिस ग्रामीणों व स्वजन की हर एक हरकत पर नजर बनाए रही।
