ख़बर रफ़्तार , देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। नीली आंखों वाले इस खास व्हाइट टाइगर को देखने के लिए वन्यजीव प्रेमी और पर्यटक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, देहरादून पहुंचे तेजस को करीब 50 दिन बीतने के बाद भी आम लोगों के लिए प्रदर्शित नहीं किया जा सका है। खास बात यह है कि तेजस पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय है, इसके बावजूद उसे अभी तक बाड़े से बाहर पर्यटकों के सामने नहीं लाया गया है।
28 सितंबर को देहरादून लाया गया था तेजस
दरअसल, देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों के आकर्षण को बढ़ाने के उद्देश्य से सफेद बाघ तेजस को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से लाया गया था। 28 सितंबर को चिड़ियाघर पहुंचने के बाद उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत क्वारंटाइन में रखा गया। दूसरे स्थानों से लाए जाने वाले वन्यजीवों को सामान्य तौर पर 20 दिन से एक महीने तक निगरानी में रखा जाता है। इस दौरान पशु चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य और व्यवहार पर नजर रखती है, ताकि संक्रमण की किसी भी आशंका को दूर किया जा सके।
स्वस्थ होने के बावजूद अब तक नहीं हो सके दीदार
तेजस के मामले में क्वारंटाइन की अवधि पूरी होने के बाद भी पर्यटकों को उसके दीदार का मौका नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि देहरादून आने के बाद से ही तेजस की सेहत ठीक है और वह पूरी तरह सक्रिय है। ऐसे में वन्यजीव प्रेमियों के बीच सवाल उठने लगे कि जब बाघ स्वस्थ है तो उसे आम लोगों के लिए कब खोला जाएगा।
उद्घाटन के इंतजार में अटका तेजस का दीदार
तेजस को पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराने में अब क्वारंटाइन नहीं, बल्कि उसके बाड़े के उद्घाटन की तारीख वजह बन गई है। शुरुआत में चर्चा थी कि वन मंत्री सुबोध उनियाल बाड़े का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों कराने का निर्णय लिया गया। इसी को लेकर वन विभाग मुख्यमंत्री कार्यालय से समय लेने की कोशिश कर रहा था।
17 नवंबर को पर्यटक कर सकेंगे सफेद बाघ का दीदार
अब मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से 17 नवंबर का समय मिलने के बाद तेजस को पर्यटकों के लिए खोलने का रास्ता साफ हो गया है। यानी 28 सितंबर को देहरादून पहुंचे तेजस को करीब 50 दिन बाद आम लोग देख सकेंगे। हालांकि, इसके लिए पर्यटकों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। तब तक तेजस को अपने बाड़े में ही रहना पड़ेगा।
वन मंत्री ने जल्द दीदार कराने की कही बात
उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी जल्द सफेद बाघ को पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सफेद बाघ को देखने का इंतजार खत्म होगा और पर्यटक उसके दीदार कर सकेंगे।
फिलहाल देहरादून चिड़ियाघर आने वाले पर्यटकों की निगाहें 17 नवंबर पर टिकी हैं। इस दिन उद्घाटन के बाद नीली आंखों वाले सफेद बाघ तेजस को पहली बार आम लोगों के सामने लाए जाने की उम्मीद है।
