सूरत में सनसनीखेज घटना! अपार्टमेंट से मिली एक ही परिवार के सात लोगों की लाश, सुसाइड नोट बरामद

ख़बर रफ़्तार,सूरत:  गुजरात के सूरत शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दिवाली से पहले एक हंसता खेलता परिवार पूरी तरह से उजड़ गया. सूरत में शनिवार को एक परिवार के सात सदस्य घर में मृत पाए गए. इसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने इस पर सामूहिक आत्महत्या का शक जताया है. तीन बच्चों सहित परिवार के सात सदस्यों की लाश मिली है.

ये मामला सूरत के अदजान इलाके के एक अपार्टमेंट का है. मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे परिवार ने यह खतरनाक कदम उठाया. पुलिस ने जानकारी दी है कि मामले में 6 लोगों की मौत जहरीला पदार्थ खाने के कारण हुई, वहीं एक शव फंदे पर झूलता मिला है. घर की जांच किए जाने के दौरान पुलिस को एक नोट भी बरामद हुआ है.

एक ही परिवार के 7 लोगों ने की आत्महत्या?

डीसीपी (जोन-5) आरपी बरोट ने कहा कि पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने बताया कि घर के मुखिया 37 वर्षीय मनीष सोलंकी एक ठेकेदार का काम करता था, जिसका शव फंदे पर लटका मिला. वहीं उसके तीन बच्चों समेत पत्नी और माता-पिता के शव घर के बिस्तर और फर्श पर पड़े मिले हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि परिवार के छह सदस्यों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है

आरपी बरोट का कहना है कि घर से मिले नोट के अनुसार किसी को उधार दिए गए पैसे वापस नहीं मिलने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जुझ रहा था. जिसके कारण परेशान होकर परिवार ने यह कदम उठाया. सूरत के महापौर निरंजन जांजमेरा ने कहा कि ऐसा लगता है कि मनीष सोलंकी ने पहले अपने परिवार के सदस्यों को जहर का सेवन कराया और फिर फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी

You May Also Like

More From Author