Mallikarjun Kharge के कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में सियासी घमासान, SSP कार्यालय में धरने पर बैठे कांग्रेस नेता

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हल्द्वानी : Mallikarjun Kharge कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम से पहले हल्द्वानी में सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खड़गे के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग इलाकों से हल्द्वानी पहुंच रही पार्टी कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस प्रशासन द्वारा कई जगहों पर रोका जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि इस कार्रवाई के चलते कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर आने वाली बसों को बेवजह रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सरकार के एजेंट के तौर पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी कार्यकर्ताओं की बसों को रोके जाने पर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे लोगों की आवाजाही में इस तरह बाधा नहीं डाली जानी चाहिए।

SSP कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के धरने के बाद पुलिस-प्रशासन के सामने भी स्थिति संभालने की चुनौती पैदा हो गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि रोकी गई बसों को तत्काल कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति दी जाए।

फिलहाल, खड़गे के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन ने हल्द्वानी की सियासत को गरमा दिया है। अब पुलिस प्रशासन की ओर से कांग्रेस के आरोपों पर क्या जवाब दिया जाता है और कार्यकर्ताओं की आवाजाही को लेकर क्या व्यवस्था की जाती है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours