ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Haridwar कांवड़ मेले के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में नकली नोट खपाने की कोशिश का मामला सामने आया है। काली मंदिर के पास कांवड़ यात्रियों के भेष में पहुंचे कुछ युवकों ने एक व्यापारी से खरीदारी के दौरान कथित तौर पर नकली नोट देने का प्रयास किया। नोटों पर शक होने के बाद व्यापारी ने युवकों को पकड़ लिया।
मामले की जानकारी आसपास के लोगों को मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। हालांकि, उनका कुछ सामान वहीं छूट गया।
सामान की तलाशी लेने पर करीब 30 हजार रुपये के कथित जाली नोट बरामद हुए। इनमें 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी सामान से मिले हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद नोटों, दस्तावेजों व टिकटों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। रेलवे टिकटों के आधार पर पुलिस आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और उनके संभावित आवागमन की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक, जाली नोट बरामद किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कांवड़ मेले से पहले भी हरिद्वार पुलिस नकली नोटों से जुड़े मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने पूर्व में नकली नोट चलाने वाले गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था। ऐसे में कांवड़ मेले के दौरान नकली नोट खपाने की यह कोशिश पुलिस के लिए एक और चुनौती बन गई है।

+ There are no comments
Add yours