ख़बर रफ़्तार, रुद्रप्रयाग : Rudraprayag -पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर आगे मायकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
कार और बाइक की हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह मायकोटी डाट पुल के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार शिव लाल (55), निवासी ग्राम बोरा, रुद्रप्रयाग बाइक से ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि शिव लाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
विकास भवन में चालक के पद पर थे तैनात
बताया गया है कि मृतक शिव लाल विकास भवन रुद्रप्रयाग में चालक के पद पर कार्यरत थे। वह ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग जा रहे थे। वहीं कार सवार नागनाथ पोखरी की ओर जा रहा था। मायकोटी डाट पुल के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। हादसे के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

+ There are no comments
Add yours