Uttarkashi : 9 साल बाद सऊदी अरब से अपने घर लौटेंगे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल, 2.51 करोड़ रुपये जुटाकर हुई रिहाई

ख़बर रफ़्तार , देहरादून : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार करीब 9 साल बाद सऊदी अरब से अपने वतन लौट रहे हैं। एक सड़क हादसे के बाद कानूनी मामले में फंसने के कारण उन्हें लंबे समय तक सऊदी अरब की जेल में रहना पड़ा। उनकी रिहाई के लिए करीब 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल यानी 2 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की रकम जुटाई गई। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की है।

इंद्रमणि की घर वापसी के लिए उत्तराखंड के लोगों ने बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग किया। उनकी बेटी दीपिका और परिवार की अपील पर उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव से लेकर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार मदद की। उत्तराखंड सरकार की ओर से भी 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

2018 में रोजगार के लिए गए थे सऊदी अरब

जानकारी के मुताबिक, उत्तरकाशी जिले के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे। वर्ष 2019 में एक सड़क हादसे के बाद वह कानूनी प्रक्रिया में उलझ गए और भारत वापस नहीं लौट सके। इस मामले में उन्हें जेल की सजा भी हुई।

इंद्रमणि की वापसी के लिए उनकी बेटी दीपिका और परिवार के अन्य सदस्यों ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। हालांकि, मामले में रिहाई के लिए बड़ी धनराशि जमा कराने की जरूरत थी। इसके बाद परिवार ने लोगों से आर्थिक सहायता की अपील की।

सड़क हादसे में पांच लोगों की हुई थी मौत

अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के मुताबिक, इंद्रमणि नौटियाल सऊदी अरब में ट्रक चला रहे थे। इसी दौरान उनके ट्रक की सामने से आ रही एक कार से टक्कर हो गई। कार में सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

हादसे के बाद मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया (Qurayyah) कोर्ट पहुंचा। रोशन रतूड़ी के अनुसार, जिस ट्रक से दुर्घटना हुई, उसका इंश्योरेंस नहीं था। उनका दावा है कि इंद्रमणि ने ट्रक मालिक को बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने से मना किया था, लेकिन मालिक ने कथित तौर पर उन्हें ट्रक लेकर जाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद यह हादसा हुआ।

रिहाई के लिए जुटाए गए 2.51 करोड़ रुपये

रोशन रतूड़ी के मुताबिक, सऊदी अरब की अदालत ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने के लिए करीब 9 लाख सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक बताई गई थी। टैक्स और मुद्रा विनिमय शुल्क सहित कुल करीब 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल यानी 2 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जुटानी पड़ी।

इंद्रमणि की रिहाई के लिए करीब दो महीने पहले विशेष मुहिम शुरू की गई थी। इस अभियान में उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने आर्थिक सहयोग दिया। आवश्यक रकम जमा होने के बाद कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद अब उनकी घर वापसी का रास्ता साफ हुआ है।

रोशन रतूड़ी ने निभाई अहम भूमिका

इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई और घर वापसी में अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने लोगों से इंद्रमणि की मदद करने की अपील की थी और उनकी बेटी के बैंक खाते की जानकारी भी साझा की थी।

रोशन रतूड़ी पिछले करीब 24 वर्षों से विदेशों में फंसे भारतीयों की मदद कर रहे हैं। वह एजेंटों के चंगुल या अन्य परिस्थितियों में विदेशों में फंसे लोगों को कानूनी सहायता दिलाकर स्वदेश वापस लाने का काम करते हैं। उनके मुताबिक, अब तक वह 86 भारतीयों के शव भी अपने खर्च पर उनके घर तक पहुंचा चुके हैं। कोविड महामारी के दौरान भी उन्होंने विदेशों में फंसे कई भारतीयों की मदद की थी।

करीब नौ साल बाद इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी उत्तरकाशी के उनके परिवार और गांव के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इस पूरे मामले में आम लोगों के आर्थिक सहयोग और सामूहिक प्रयास से एक परिवार को लंबे इंतजार के बाद अपने सदस्य के लौटने की उम्मीद मिली है।

You May Also Like

More From Author