ख़बर रफ़्तार , देहरादून : राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इंद्रेश अस्पताल के पास हुई इस वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। वहीं, घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्लॉट के सौदे के लिए ले जा रहे थे 14 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ वाहन से प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये नकद लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास एक्टिवा और बाइक पर सवार 4 से 5 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से पकड़े गए तीन आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले रास्ते से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह के रूप में हुई है।
पहले से थी नकदी ले जाने की जानकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के लिए कुछ लोगों से मिलने जा रहा है और उसके पास बड़ी मात्रा में नकदी मौजूद होगी। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के इरादे से अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
आरोपियों के मुताबिक, इंद्रेश अस्पताल के पास उन्होंने राजेश कुमार सोनी, दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ मारपीट की और वाहन में रखा 14 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
तीन आरोपी जेल भेजे गए, चार अन्य की तलाश
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि वारदात में चार अन्य आरोपी भी शामिल हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
