ख़बर रफ़्तार , देहरादून/नैनीताल : उत्तराखंड में चोरी और लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। ऋषिकेश में मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है। वहीं, हल्द्वानी में टैक्सी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और नकदी लूटने वाले दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ऋषिकेश में मोबाइल शॉप से 50 लाख की चोरी का खुलासा
ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर एक मोबाइल शॉप में 6 नवंबर की रात चोरी की वारदात हुई थी। रात करीब 2 से 4 बजे के बीच चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे। दुकान मालिक की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
दो बाइकों से जा रहे चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को आईडीपीएल गोलचक्कर के पास संदिग्धों की तलाश में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल शॉप में चोरी करने वाले चार आरोपी दो बाइकों से नटराज चौक होते हुए बाईपास रोड के रास्ते श्यामपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों बाइकों पर सवार चार युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लिया गया था और उसका अधिकांश हिस्सा जंगल में छिपाकर रखा गया था। वे इस सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे।
30 मोबाइल, तीन लैपटॉप और आईपैड बरामद
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के अनुसार, आरोपी योगेंद्र उर्फ दीपक के पास से तीन लैपटॉप, एक आईपैड और 24 मोबाइल फोन बरामद किए गए। अन्य आरोपियों के कब्जे से भी मोबाइल फोन मिले। पुलिस ने कुल 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है।
बरामद सामान में से 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर, दो लैपटॉप और आईपैड का चोरी की घटना से मिलान हुआ है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दोनों बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय नितिन दास निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, 20 वर्षीय अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, 26 वर्षीय योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और 20 वर्षीय रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक थापा के खिलाफ रायवाला थाने में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, रोहन के खिलाफ ऋषिकेश और रायवाला थानों में चोरी से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज हैं। मामले में शामिल पांचवें आरोपी संदीप की तलाश की जा रही है।
हल्द्वानी में टैक्सी का झांसा देकर युवक से लूटपाट
दूसरी घटना नैनीताल जिले के हल्द्वानी की है, जहां दीपावली की छुट्टियों में घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर लूट लिया गया। पिथौरागढ़ के बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं। दीपावली पर घर जाने के लिए वह बस से हल्द्वानी पहुंचे थे। रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय दो युवक उनके पास आए।
दोनों ने उन्हें प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कही और अपने साथ ले गए। हालांकि, टैक्सी तक पहुंचाने के बजाय आरोपी उन्हें एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने मुकेश से आईफोन, सात हजार रुपये नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूट ली और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने 7 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के बाद 9 नवंबर को राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी और सूरज आर्य निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
