ख़बर रफ़्तार , रामनगर : नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव छोई गांव के किशनपुर पड़ाव में उसके घर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, मृतका के परिजनों ने गांव में रहने वाले एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान 58 वर्षीय विमला देवी पत्नी स्वर्गीय खिलाफ सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने महिला का शव घर के पास अर्द्धनग्न अवस्था में देखा। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सीओ रवीकांत सेमवाल के अनुसार, पुलिस को मंगलवार सुबह करीब सवा दस बजे महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। महिला घर में अकेली रहती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
देहरादून के चोरखाला में 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
देहरादून: राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र के चोरखाला में भी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय सलीम अहमद के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर था और अपनी बहन के मकान में अकेले रहता था।
पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सलीम अहमद की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
