ख़बर रफ़्तार , खटीमा : ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में युवक के करीबी दोस्त ने ही उसकी हत्या कर दी और शव को गटर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर मृतक का शव और हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा भी बरामद किया गया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
घर से निकला युवक नहीं लौटा, भाई ने दर्ज कराई गुमशुदगी
पुलिस के अनुसार, खटीमा की वार्ड नंबर 17 स्थित शिव कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब 9 बजे घर से बिना बताए निकल गया था। देर तक वापस नहीं लौटने और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 9 नवंबर को उसके बड़े भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
युवक की तलाश के दौरान पुलिस को उसके परिचित संजय गुप्ता पर शक हुआ। बताया गया कि आरोपी ने अभय का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहकर वापस किया था कि उसे फोन रास्ते में पड़ा मिला है। पुलिस ने संदेह के आधार पर संजय को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली।
इंजेक्शन गिरने के बाद हुआ विवाद, नाड़े से घोंटा गला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले। इसके बाद वे कॉलोनी के पीछे स्थित एक खाली मैदान में चले गए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
2,300 रुपये और मोबाइल लेकर गटर में फेंका शव
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास रखे करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से लगभग 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में फेंककर छिपा दिया।
पकड़े जाने के डर से आरोपी ने 8 नवंबर को मृतक का मोबाइल फोन उसके बड़े भाई रवि को लौटा दिया था। हालांकि, पुलिस की जांच में उस पर संदेह गहराता गया और पूछताछ के दौरान मामले का खुलासा हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर शव और हत्या में इस्तेमाल नाड़ा बरामद
एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, आरोपी संजय गुप्ता की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से अभय का शव और हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद कर लिया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय गुप्ता पुत्र बालकिशन गुप्ता, निवासी शिव कॉलोनी, खटीमा, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
