एफएनएन, देहरादून : Uttarakhand प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन के पुनर्गठन के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए नई टीम और पांच महत्वपूर्ण समितियों के गठन पर मुहर लगा दी है।
नई कार्यकारिणी में गोदावरी थपलियाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 24 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, 36 नेताओं को महासचिव और 107 नेताओं को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस ने इस बार वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवा चेहरों के उत्साह के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है।
संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के उद्देश्य से एआईसीसी ने कार्यकारिणी समिति, घोषणापत्र समिति, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति, एसआईआर समिति और चार्जशीट समिति का भी गठन किया है। एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र में इन समितियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की जानकारी दी गई है।
प्रदेश कार्यकारिणी समिति में 41 नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, हरीश रावत, प्रीतम सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, करण महारा, डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन चंद्र कापड़ी, तिलक राज बेहड़, ममता राकेश, हरीश सिंह धामी, फुरकान अहमद, विक्रम सिंह नेगी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को स्थान मिला है।
घोषणापत्र समिति की कमान भुवन चंद्र कापड़ी को सौंपी गई है, जबकि डॉ. प्रेम बहुखंडी को इसका संयोजक बनाया गया है। अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी होंगे। वहीं मनोज रावत को एसआईआर समिति का अध्यक्ष और करण महारा को चार्जशीट समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्षों की सूची में सूर्यकांत धस्माना, धीरेंद्र प्रताप, मनोज रावत, सतीश नैनवाल, अनुपम शर्मा, हेमंत बगड़वाल, डॉ. प्रेम बहुखंडी सहित कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महासचिवों में राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, अभिषेक सिंह, विजय गुनसोला, पुष्कर जैन, मकबूल कुरैशी, अमरजीत सिंह, याकूब सिद्दीकी, अनीता शर्मा और जयेंद्र रमोला समेत कई नाम शामिल हैं।
कांग्रेस का कहना है कि नई कार्यकारिणी और समितियों के गठन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करना है।

+ There are no comments
Add yours