ख़बर रफ़्तार, मैनपुरी: लोकसभा चुनाव में सपा के गढ़ को ढहाने को तैयारी में जुटी भाजपा की सेंधमारी जारी है। बुधवार को भाजपा ने समाजवादी पार्टी और बसपा, दोनों को झटका दिया। पिछले दिनों सपा से नाता तोड़ने वाले अखिलेश यादव के करीबी रहे आरसीएल ग्रुप के निदेशक इंजीनियर मनोज यादव भाजपा में शामिल हो गए।
सपा के जिला पंचायत शुभम सिंह ने भी बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। शुभम सिंह पूर्व में बसपा के जिलाध्यक्ष रहे हैं और बीते विधानसभा चुनाव में सपा में शामिल हुए थे।
वहीं बसपा से मैनपुरी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी रहे गौरव नंद ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की मौजूदगी में लखनऊ कार्यालय पर तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।