ख़बर रफ़्तार, हल्द्वानी : Haldwani IPL उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने IPL मैचों पर सट्टा खिलाने वाले बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। मुखानी थाना पुलिस और SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो सगे भाइयों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लाखों रुपये का सट्टा संचालित कर रहे थे।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि शहर में लंबे समय से IPL सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता, रोहित गुप्ता और मोहित प्रसाद समेत पांच लोग शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह IPL मैचों के दौरान रोजाना करीब 7 से 8 लाख रुपये का सट्टा चला रहा था। आरोपी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए लोगों से संपर्क कर दांव लगवाते थे, जबकि कई मामलों में नकद लेनदेन भी किया जाता था।
पुलिस का दावा है कि अब तक यह गैंग करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा संचालित कर चुका है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, हिसाब-किताब से भरा रजिस्टर और 51 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरामद मोबाइल और दस्तावेजों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि IPL सीजन के दौरान सट्टेबाजी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड पुलिस “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रदेशभर में सट्टेबाजों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में उधम सिंह नगर में भी ऑनलाइन IPL सट्टा चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

+ There are no comments
Add yours