ख़बर रफ़्तार, उत्तराखंड : Pushkar Singh Dhami Meeting मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वनाग्नि नियंत्रण, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और मानसून तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और आग लगने की सूचना मिलने के एक घंटे के भीतर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने पूरे प्रदेश में वनाग्नि रोकने के लिए ‘शीतलखेत मॉडल’ लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने फायर लाइन के आसपास छोटी तलैया बनाने, आग बुझाने वाले कर्मचारियों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के 1000 नए पदों पर भर्ती की बात कही।
बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी विशेष फोकस किया गया। मुख्यमंत्री ने खराब पेयजल लाइनों को जल्द ठीक करने और तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मानसून की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा। प्रभारी सचिवों को जिलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने और साफ-सफाई बेहतर बनाए रखने को कहा गया।
चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य जांच में अनफिट पाए जाने वाले यात्रियों को यात्रा नहीं करने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

+ There are no comments
Add yours