एफएनएन, मसूरी : Mussoorie-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार सुबह एक व्यापारी का शव गहरी खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के पास चट्टानों के बीच शव पड़ा मिला, जबकि सड़क किनारे उनकी एमजी विंडसर कार खड़ी थी। कार से शराब की आधी बोतल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कई पहलुओं से शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली के रूप में
मृतक की पहचान देहरादून के क्रॉस रोड निवासी करीब 60 वर्षीय अजय कुमार कोहली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अजय कुमार देहरादून में व्यापारी थे और मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। करीब डेढ़ घंटे बाद उनके शव के खाई में मिलने की सूचना परिवार को मिली।
सड़क किनारे खड़ी थी कार, नीचे मिला शव
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे मैगी प्वाइंट निवासी प्रवीण ने पंचायती कैफे के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने और वहां एक कार खड़ी होने की सूचना दी। जब नीचे खाई की ओर देखा गया तो करीब 200 मीटर नीचे नदी के पास एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना पर कोलूखेत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में कार का नंबर UK 07 HL 0343 मिला, जिसकी पहचान अजय कुमार कोहली के वाहन के रूप में हुई। इसके बाद शव को बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया।
कार से मोबाइल और पर्स भी बरामद
पुलिस को कार के अंदर से मृतक का मोबाइल फोन और पर्स मिला। इसके अलावा वाहन में शराब की आधी बोतल भी बरामद हुई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अजय कुमार कार से उतरकर किस परिस्थिति में सड़क से नीचे पहुंचे।
हादसा या कोई और वजह, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया पैर फिसलने या हादसे की संभावना से भी जांच कर रही है। हालांकि कार में मिली शराब की बोतल समेत अन्य परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि अभी मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद मौत की वजह और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मृतक की आखिरी गतिविधियों और वह किन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचे, इसकी भी जानकारी जुटा रही है। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

+ There are no comments
Add yours