तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, मौके पर मचा हाहाकार

खबर रफ्तार, जौनपुर, तेज रफ्तार: जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जौनपुर–रायबरेली हाईवे पर औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया के पास स्थित पुलिया के नजदीक सुबह करीब 6 बजे सवारियों से भरे एक ऑटो रिक्शा को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे खाई में जा पलटा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ऑटो मुंगरा बादशाहपुर की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। सतहरिया पुलिया के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ऑटो में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया।

डॉक्टरों ने छह घायलों में से तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र (53), शिव शंकर शर्मा (53) और बरसाती (42) के रूप में हुई है।

घायलों में राकेश बिंद (32), प्रणव पांडेय (19) और अजीत यादव (36) शामिल हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

राज्यसभा में बड़ा सियासी बदलाव, आप के सात सांसदों के भाजपा में जाने का दावा

हादसे की सूचना पर मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह हादसा पूरे इलाके में शोक का माहौल छोड़ गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours