उत्तराखंड में मौसम शुष्क, सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन; पाला को लेकर यलो अलर्ट जारी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून:  उत्तराखंड में मौसम शुष्क हो गया है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। जिससे दिन में तापमान चढ़ने लगा है और कड़ाके की ठंड से कुछ राहत है। हालांकि, सुबह-शाम कंपकंपी बरकरार है। गुरुवार को देहरादून में चार साल में फरवरी की सबसे सर्द सुबह रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान में वृद्धि और न्यूनतम तापमान में कमी बनी रह सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाले को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

धूप खिलने से मिली राहत
देहरादून में गुरुवार की सुबह बीते चार वर्ष में फरवरी में सबसे सर्द रही। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि वर्ष 2020 में आठ फरवरी को दर्ज किए गए चार डिग्री सेल्सियस के बाद सबसे कम है। यह तापमान सामान्य से भी चार डिग्री सेल्सियस नीचे है। हालांकि, दिनभर चटख धूप खिली रही और कड़ाके की ठंड से राहत मिली। शाम को फिर सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम शुष्क रहा व दिनभर धूप खिली रही।

पहाड़ों पर चल रही बर्फीली हवाएं

चोटियों पर बीते दिनों हुए हिमपात के चलते पहाड़ से मैदान की ओर बर्फीली हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में आज भी मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेशभर में धूप खिली रहने के आसार हैं। जिससे अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में रात को पाला पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें:नैनीताल की DM ने कहा, प्लानिंग के साथ की गई है हलद्वानी हिंसा और पुलिसवालों को जलाने की कोशिश

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours