ख़बर रफ़्तार , लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुबग्गा थाना क्षेत्र के हरदोई रोड पर ग्रीन लाइन हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर
दुबग्गा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे एक ई-रिक्शा सवारियों को लेकर दुबग्गा से काकोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान हरदोई रोड पर ग्रीन लाइन हॉस्पिटल के पास सामने से आ रही कार (UP 32 MT 1340) अनियंत्रित हो गई और ई-रिक्शा से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। उसमें बैठे लोग उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ई-रिक्शा चालक समेत दो की मौत
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने ई-रिक्शा चालक रकीब (42), पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी कस्बा काकोरी, लखनऊ और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल 24 वर्षीय युवती शिखा, पुत्री सुरेश चौधरी, निवासी नसीराबाद, तहसील सिधौली, जिला सीतापुर की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रॉमा सेंटर में उसका उपचार जारी है।
कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा चालक के परिजनों की तहरीर के आधार पर कार चालक अतुल कुमार रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार और ई-रिक्शा दोनों को कब्जे में ले लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
