Gujarat : दिवाली की रात तेंदुए ने 8 साल के बच्चे पर किया हमला, मौत; 45 दिनों में तीसरी घटना से दहशत

ख़बर रफ़्तार , जूनागढ़ : गुजरात के जूनागढ़ जिले में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेंदरडा तालुका के दात्राणा गांव में तेंदुए ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। इस घटना में मध्य प्रदेश के रहने वाले खेतिहर मजदूर परिवार के 8 से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पिछले 45 दिनों के भीतर इस क्षेत्र में तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।

खेतों में काम कर रहे मजदूर परिवार के बच्चे पर हमला

जानकारी के मुताबिक, दात्राणा गांव में खेतों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों का परिवार रह रहा था। दिवाली की रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच तेंदुए ने परिवार के बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में बच्चे की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।

परिजन घायल बच्चे को तुरंत मेंदरडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार बच्चे का शव लेकर उसी रात अपने गृह राज्य मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गया।

वन विभाग ने शुरू किया तेंदुए को पकड़ने का अभियान

बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में अभियान शुरू किया गया और अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। ग्रामीणों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर डर बना हुआ है।

45 दिनों में तेंदुए के हमले की तीसरी घटना

मेंदरडा तालुका में पिछले करीब 45 दिनों के दौरान तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 23 सितंबर को डेडकियाड गांव में खेतिहर मजदूर परिवार की 8 से 10 साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला किया था। उस समय बच्ची खेत में काम कर रही थी। हमले में उसकी मौत हो गई थी।

इसके दो दिन बाद, 25 सितंबर को अंबाला गांव में भी एक खेतिहर मजदूर परिवार की बच्ची तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई थी।

लगातार हमलों से ग्रामीणों में डर

दात्राणा गांव में हुई ताजा घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बच्चों को निशाना बनाए जाने से खेतों में काम करने वाले मजदूर परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस मामले में अधिक जानकारी जुटाने के लिए ईटीवी भारत की टीम ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी उपलब्ध नहीं हो सका। फिलहाल वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

 

You May Also Like

More From Author