ख़बर रफ़्तार, देहरादून / नई दिल्ली : Uttarakhand विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में चुनावी तैयारियों को और प्रभावी बनाने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी आगामी दिनों में कई संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को भी गति देने की तैयारी कर रही है।
भाजपा पहले ही जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की रूपरेखा तैयार कर चुकी है। पार्टी के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक कर स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति के हर पहलू पर बिंदुवार चर्चा होगी। इसके बाद संगठन स्तर पर अलग-अलग बैठकें आयोजित कर इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए व्यापक तैयारी करना है।

+ There are no comments
Add yours