ख़बर रफ़्तार, बागेश्वर : Bageshwar उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कपकोट थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 1.472 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अपाची मोटरसाइकिल (UK 06 AC 4957) भी कब्जे में ले ली है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में चरस लेकर भराड़ी मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने पालीडुंगरा पुल से आगे ऑर्गेनिक जैविक उत्पाद भवन के पास बैरिकेडिंग कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक संदिग्ध अपाची बाइक वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और बाइक रोक दी।
पूछताछ में बाइक चालक ने अपनी पहचान गोविंद सिंह (32 वर्ष), निवासी सुमगढ़ और पीछे बैठे युवक ने राजा रावत उर्फ राज रावत (26 वर्ष), निवासी शामा मेन बाजार के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उनके बैग में चरस है, जिसे वे बेचने के लिए द्वारहाट ले जा रहे थे।
पुलिस ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बीईओ अजीत सिंह कर्णवाल की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बड़ी पन्नी से 1.014 किलोग्राम और दूसरी पन्नी से 0.458 किलोग्राम चरस बरामद हुई। कुल बरामद चरस का वजन 1.472 किलोग्राम निकला।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह चरस शामा क्षेत्र के एक अज्ञात चाय विक्रेता से खरीदी थी और इसे द्वारहाट में बेचने की योजना थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और चरस की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

+ There are no comments
Add yours