Bageshwar : सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई दिनों से था फरार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, बागेश्वर : Bageshwar सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में बागेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कई दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को बैजनाथ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। चार अगस्त की शाम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पिंगलों बैंड कंधार तिराहा स्थित यात्री विश्राम गृह के सामने से उसे दबोच लिया गया।

मामले की शुरुआत कपकोट थाने में दर्ज एक शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी जगदीश गोस्वामी ने एक महिला की छवि धूमिल करने की नीयत से उसके चरित्र पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किए।

एक अन्य मामले में धर्मेंद्र सिंह दानू की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि आरोपी ने एक विधायक के खिलाफ गाली-गलौज और भ्रामक वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 30 जुलाई से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किया गया और नियमानुसार उसके निवास स्थान पर मुनादी भी कराई गई। पुलिस और एसओजी की टीम ने मोबाइल लोकेशन तथा मुखबिर तंत्र की मदद से रानीखेत, रामनगर, बिजनौर, हरिद्वार, सहारनपुर और देहरादून समेत कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को बैजनाथ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours