Dream 11 में बड़ा इनाम दिलाने का झांसा, रामनगर निवासी से 23.66 लाख की साइबर ठगी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, रामनगर : Dream 11 उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में ड्रीम-11 के जरिए बड़ा इनाम और मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 23 लाख 66 हजार 457 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से जीरो एफआईआर को नियमित एफआईआर में बदलते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रामनगर के ग्राम हिम्मतपुर डोटियाल निवासी राजेन्द्र सिंह राणा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में 19 जून 2026 को देहरादून स्थित साइबर पुलिस थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अब उन्होंने मामले की नियमित जांच के लिए रामनगर पुलिस से एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है।

शिकायत के मुताबिक, यह कथित साइबर ठगी 12 अप्रैल 2025 से 3 मई 2026 के बीच हुई। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर खुद को सोमेश ठाकरे बताने वाले व्यक्ति ने ड्रीम-11 में बड़ा इनाम और भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में उनसे लाखों रुपये जमा कराए गए।

पीड़ित का कहना है कि रकम जमा कराने के बावजूद न तो उन्हें किसी प्रकार का इनाम मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस लौटाई गई। उन्हें बाद में एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से साइबर धोखाधड़ी की गई है।

रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित ने पुलिस को अपनी शिकायत के साथ जीरो एफआईआर की प्रति, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायत, आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, लेन-देन के यूटीआर नंबर, स्क्रीनशॉट और कथित ठगों के साथ हुई चैट भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराई है। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours