18.2 C
London
Saturday, July 27, 2024
spot_img

6 महीने की मासूम की रस्सी से गला घाेंट कर हत्या, सिर पर भी चोट के निशान- घर में मचा कोहराम

ख़बर रफ़्तार, शाहजहांपुर : उस मासूम ने तो अभी सही से आंखें भी नहीं खोली थीं। यह दुनिया उसके लिए अपरिचित थी। वह जानती थी तो सिर्फ मां का आंचल, पिता की गोद…। छोटी-छोटी आंखें खोल जब मुस्कुराती तो घर के सभी सदस्यो के चेहरे खिल जाते, लेकिन ननिहाल में उस दुधमुंही मासूम की जान का कोई दुश्मन बन गया। रस्सी से गला घाेंटकर उसकी हत्या कर दी। उसके सिर में भी चोट लगी।

उसकी जान लेते समय हत्यारे के हाथ भी नहीं कांपे। मां व मायके के अन्य सदस्य सामान्य मृत्यु बताते रहे, लेकिन पिता का दिल नहीं माना। पोस्टमार्टम कराया तो उनकी आशंका सच निकली। उन्होंने पत्नी व ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
दो साल पहले हुई थी राजबेटी की शादी

सिंधौली क्षेत्र के उल्लिया गांव निवासी शिवम कुमार पाल की शादी दो वर्ष पहले बंडा क्षेत्र के सिंघापुर पिमई गांव निवासी राजबेटी से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। छह माह पहले बेटी निहारिका का जन्म हुआ था। राजबेटी होली पर निहारिका को लेकर मायके चली गई थी। मंगलवार सुबह करीब दस बजे राजबेटी के भाई चंद्रपाल ने फोन पर शिवम को निहारिका के बीमार होने की जानकारी दी थी। जिसके बाद वह बेटी को देखने के लिए तैयार होने लगे थे।

दस मिनट बाद चंद्रपाल ने फोन कर बताया कि बेटी की हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। दोपहर बाद जब वह सिंघापुर पिमई गांव पहुंचे तो शव जमीन पर रखा था। निहारिका के गले पर रस्सी के व सिर पर चोट के निशान थे। ऐसे में शिवम ने अपने अन्य स्वजन को भी वहां बुला लिया। बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए बंडा थाने पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली।

शिवम ने मृत्यु का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। रात करीब 12 बजे शव पोस्टमार्टम लाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सी से गला दबाने व सिर में चोट लगने की पुष्टि हुई। माना जा रहा है कि रस्सी से गला दबाने के दौरान बच्ची के सिर में दीवार या फर्श से चोट लगी होगी।

पत्नी ने बेटी को मार डाला

मासूम बेटी का शव देख बिखते हुए शिवम ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने अपने भाई व अन्य स्वजन के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी। शिवम का आरोप है कि शादी के बाद से ही राजबेटी ने छोटी-छोटी बातों पर विवाद करना शुरू कर दिया था। महीने में दस दिन ससुराल तो 20 दिन मायके में रहती है।

आरोप है कि उसके साले भी फोन पर धमकी देते थे। बताया कि कई बार उनके साथ पत्नी व ससुराल वालों ने जो गाली-गलौज किया उसकी रिकार्डिंग भी मोबाइल में है। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि बच्ची की हत्या हुई है। शिवम के आरोपों की जांच की जा रही है।

21 मार्च को हुआ था विवाद

पति-पत्नी में आये दिन विवाद होता था। 21 मार्च को भी दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हो गई थी। जिसकी राजबेटी ने बंडा थाने में शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को थाने आने के लिए कहा था लेकिन किसी वजह से शिवम बंडा थाने नहीं पहुंच सके थे।

बच्ची की मृत्यु की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम कराया गया है। इस प्रकरण में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें…बाबा तरसेम सिंह की हत्या के बाद उत्तराखंड पुलिस के हाथ खाली, अब रुद्रपुर से खुटार पहुंची टीम

- Advertisement -spot_imgspot_img
Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here