ख़बर रफ़्तार, फिरोजाबाद: दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए परीक्षा देने बाइक से आगरा जा रहे मैनपुरी के युवक को सोमवार रात सिरसागंज क्षेत्र में किसी वाहन ने रौंद दिया। उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
मैनपुरी के करहल निवासी 24 वर्षीय विकास कुमार यादव की मंगलवार सुबह आगरा में परीक्षा थी। वह सोमवार रात आठ बजे घर से बाइक से आगरा के लिए रवाना हुए थे। 9.45 बजे सिरसागंज में गुंजन चौक के पास किसी वाहन ने बाइक को रौंद दिया। घटना होते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन युवक की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस भी पहुंची।
भतीजे मनीष यादव ने बताया कि तीन भाइयों में सबसे छोटे विकास यादव भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे। सुबह की पाली में उनकी परीक्षा थी, इसलिए वह रात में ही घर से रवाना हो गए थे। बड़े भाई मोहित यादव की भी पिछले वर्ष हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। वह पुलिस विभाग में कांस्टेबल थे। सिरसागंज थाने के इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि विकास हेलमेट लगाए थे। शिकायती पत्र मिलने पर प्राथमिकी लिखी जाएगी।
+ There are no comments
Add yours