खबर रफ़्तार, नई दिल्ली: संसद की सुरक्षा में सेंधमारी के पांच आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। इसके लिए पांच आरोपियों ने सहमति दे दी है। शुक्रवार को छह में से पांच आरोपियों ने अदालत के सामने अपना पॉलीग्राफ टेस्ट कराने पर सहमति दे दी।
साथ ही एडिशनल सेशन जज हरदीप कौर ने छह आरोपियों की आठ दिन की न्यायिक हिरासत भी बढ़ा दी। 13 दिसंबर को संसद में उपद्रव करने वालों में नीलम आजाद को छोड़कर सभी आरोपियों ने पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति दे दी। टेस्ट की सहमति देने वालों में मनोरंजन डी, सागर शर्मा, अमोल धनराज शिंदे, ललित झा और महेश कुमावत का नाम शामिल है।
दिल्ली पुलिस ने संसद भवन के अंदर उपद्रव करने वाले सभी आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति के कोर्ट का रुख किया था। खास बात है कि 13 दिसंबर को संसद पर हमले की बरसी की दिन सागर शर्मा और मनोरंजन डी ने शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूद गए।
‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के लगाए नारे
इस दौरान दोनों ने कलर स्मोक क्रेकर से लोकसभा को धुआं-धुआं कर दिया। हालांकि, लोकसभा में मौजूद सांसदों ने इन दोनों को पकड़ लिया। वहीं लगभग उसी समय दो अन्य आरोपी अमोल शिंदे और नीलम आजाद ने भी संसद परिसर के बाहर ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे के साथ उत्पात मचाया।
