खबर रफ़्तार, हरिद्वार : सर्दी में धर्मनगरी में यात्रियों की संख्या घट गई है। इससे गंगा घाटों पर कम यात्री नजर आ रहे हैं। होटल, धर्मशालाएं और आश्रम भी खाली चल रहे हैं। रातभर यात्रियों से गुलजार रहने वाले बाजार सूने पड़े हुए हैं। शहर में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
सुबह से कोहरे की सफेद चादर छा जाती है। हालांकि, दो दिन से सुबह दस बजे के बाद धूप निकल रही है, लेकिन इससे भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। रविवार को भी शहर का अधिक तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया।
सर्दी से पारा गिरने से बेहद कम संख्या में यात्री शहर में पहुंच रहे हैं। इससे दुकानदारों की दुकादारी पर भी असर पड़ रहा है। ठंड के कारण हरकी पैड़ी क्षेत्र में भी गंगा स्नान करने के लिए सामान्य दिनों के मुकाबले कम श्रद्धालु आ रहे हैं। गंगा के अन्य घाटों पर तो बेहद कम संख्या में श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
सर्दी के सीजन में धर्मनगरी का बाजार भी ठंडा हो गया है। व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जनवरी में सर्दी का सीजन व्यापार के लिहाज से अच्छा नहीं रहेगा। – संजीव चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय व्यापार मंडल

+ There are no comments
Add yours