रुड़की: पुलिस ने साकिब हत्याकांड में दो आरोपितों को किया गिरफ्तार, लूट व हत्या का राजफाश होने पर की थी साथी की हत्या

खबर रफ़्तार, रुड़की:  पुलिस ने लंढौरा में हुए साकिब हत्याकांड में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही मृतक के दोस्त थे। तीनों ने मिलकर 24 व 25 दिसंबर को रुड़की में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) मुख्य शाखा में लूट या चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। इससे पहले आरोपितों ने 25 नवंबर को बाईपास पर एक गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली चालक की हत्या कर दी।

आरोपितों ने हत्याकांड और लूट की योजना का राजफाश करने के डर से साकिब को आठ दिसंबर को घर से बुलाकर गोली मार दी थी। पुलिस ने आरोपितों के पास से बड़ी मात्रा में लूट व चोरी में प्रयुक्त होने वाले सामान और दो तमंचे बरामद किए हैं। पूर्व में आरोपित विभिन्न मामलों में एक साथ रोशनाबाद की बच्चा जेल में बंद रह चुके हैं और वर्तमान में जमानत पर हैं। एसओजी और मंगलौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित पकड़े गए।

मृतक के भाई आलम ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उज्ज्वल निवासी ढंडेरा कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की और आदेश निवासी ग्राम नगला इमरती कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की ने उसके भाई की हत्या की है। इस पर पुलिस ने आरोपितों को देर रात आसफनगर झाल के समीप दबोच लिया। पूछताछ में उज्ज्वल और आदेश ने बताया कि साकिब उनका दोस्त था। तीनों की मुलाकात रोशनाबाद की बच्चा जेल में हुई थी।

एसएसपी ने बताया कि साकिब पर दुष्कर्म, आदेश पर हत्या और उज्ज्वल पर प्राण घातक हमले के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। तीनों अलग-अलग समय में बच्चा जेल से बाहर निकलकर आए और फिर योजना बनाई कि रुड़की के एसबीआइ बैंक में 24 या 25 दिसंबर को लूट या चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाए। दोनों दिन बैंक बंद रहेगा। इसके लिए उन्होंने कटर, जैक, मास्क, जूते, सेल्फ डिफेंस स्प्रे आदि सामान आनलाइन मंगाया।

यह भी पढ़ें –नैनीताल: बिना चिह्नित किए सीधे वन्यजीव को मारने पर हाई कोर्ट ने वन विभाग की लगाई कड़ी फटकार

इसी बीच 25 नवंबर की रात उज्ज्वल और आदेश बाइक पर पथरी से नगला इमरती की ओर आते समय बाईपास पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर गिर गए। इसको लेकर उनकी ट्रैक्टर चालक से बहस हो गई। उस समय लोगों ने बीचबचाव कर दिया। लेकिन, थोड़ी देर बाद उज्ज्वल और आदेश वापस नगला इमरती बाईपास के पास पहुंचे और उज्ज्वल ने ट्रैक्टर चालक नेत्रपाल ग्राम करौंदा हाथी थाना बाबरी जिला शामली उत्तर प्रदेश की गोली मारकर हत्या कर दी।

साकिब को भी हत्या की बात पता चल गई। वह डर गया, जिसके चलते उसने कहा कि वह इस बारे में अपने परिवार को बताएगा। ऐसे में राजफाश होने के डर से दोनों ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद से आरोपित नगला इमरती गांव में रह रहे थे। एसएसपी ने मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

You May Also Like

More From Author