Roorkee में 25 हजार का इनामी गांजा तस्कर गिरफ्तार, एक साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

ख़बर रफ़्तार , रुड़की: हरिद्वार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिरान कलियर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमजद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र से दबोच लिया।

21 किलो गांजे की बरामदगी से खुला था तस्करी का नेटवर्क

इस मामले का खुलासा 15 जुलाई 2025 को हुआ था। उस दौरान एएनटीएफ की टीम ने पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए साबिर हुसैन नाम के व्यक्ति को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।

पूछताछ के दौरान साबिर ने पुलिस को बताया था कि गांजे की यह खेप गाजियाबाद निवासी अमजद सिद्दीकी से खरीदी गई थी। इसे कलियर क्षेत्र में एक महिला तक पहुंचाया जाना था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

एक साल से ठिकाने बदलकर काट रहा था फरारी

पुलिस ने मामले में साबिर और संबंधित महिला के खिलाफ जांच पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था, लेकिन गांजे की सप्लाई करने का आरोपी अमजद सिद्दीकी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गाजियाबाद में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देकर निकल जाता था।

लगातार फरार रहने के चलते पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसके बाद ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।

लोनी की वेद बिहार कॉलोनी से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी स्थित थाना अंकुर विहार क्षेत्र की वेद बिहार कॉलोनी में दबिश दी। यहां से अमजद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया गया।

दिल्ली और गाजियाबाद में दर्ज हैं कई मुकदमे

पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध कारोबार में शामिल संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author