Delhi में दिवाली पर दर्दनाक हादसा: पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत, AIIMS में 42 झुलसे मरीज पहुंचे

ख़बर रफ़्तार , नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में दिवाली का जश्न कई परिवारों के लिए दर्दनाक याद बन गया। बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के एक मासूम की जान चली गई। बताया जा रहा है कि आतिशबाजी के दौरान रॉकेट बच्चे के पेट में जा लगा, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं, AIIMS दिल्ली में दिवाली के दौरान पटाखों से झुलसने के दर्जनों मामले सामने आए हैं।

नरेला में आतिशबाजी के दौरान गई मासूम की जान

यह दर्दनाक घटना 8 नवंबर की रात नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में हुई। जानकारी के मुताबिक, परिवार में पूजा-पाठ के बाद आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान 10 वर्षीय बच्चा भी पटाखे जला रहा था। परिजनों का कहना है कि बच्चा रॉकेट चला रहा था, तभी रॉकेट अचानक दिशा बदलकर उसकी ओर आ गया और पेट में जा लगा।

हालांकि, पुलिस की शुरुआती जानकारी में पटाखे के हाथ में फटने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर समय पर उचित इलाज नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बताया जा रहा है कि बच्चे की मौत की खबर सुनने के बाद उसके पिता की तबीयत भी बिगड़ गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

AIIMS दिल्ली में पटाखों से झुलसे 42 मरीज पहुंचे

दिवाली के दौरान आतिशबाजी से होने वाले हादसों का असर AIIMS दिल्ली में भी देखने को मिला। अस्पताल के प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव एंड बर्न्स सर्जरी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 9 नवंबर सुबह 11 बजे तक दिवाली से संबंधित जलने की चोटों के कुल 42 मरीज अस्पताल पहुंचे।

इनमें 37 मरीज पटाखों से झुलसे थे, जबकि पोटाश से जलने के दो मामले भी दर्ज किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे हैं। इनमें चार को ICU और सात को सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया। वहीं, 31 मरीजों को मामूली चोटें आईं। कुल पांच मरीजों की सर्जरी भी करनी पड़ी। फिलहाल अस्पताल में आठ मरीज भर्ती हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है।

8 साल का बच्चा 45 फीसदी तक झुलसा

AIIMS की रिपोर्ट में बच्चों के झुलसने के मामले भी सामने आए हैं। 10 साल से कम उम्र के छह बच्चे जलने की चोटों के साथ अस्पताल पहुंचे। इनमें सबसे कम उम्र का बच्चा पांच साल का है। वहीं, आठ साल का एक बच्चा शरीर का करीब 45 फीसदी हिस्सा झुलसने के कारण गंभीर हालत में है।

इसके अलावा 10 से 18 साल की उम्र के 12 बच्चे और किशोर भी पटाखों से घायल होकर अस्पताल पहुंचे। इस आयु वर्ग में अनार पटाखों से चोट लगने के मामले सबसे अधिक दर्ज किए गए।

बुजुर्ग भी हुए आतिशबाजी का शिकार

रिपोर्ट के मुताबिक, 18 से 60 साल की उम्र के 22 मरीज भी जलने की चोटों के साथ AIIMS पहुंचे। इनमें अधिकतर के हाथ झुलसे हुए थे। इसके अलावा 60 साल से अधिक उम्र का एक बुजुर्ग भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका ऑपरेशन करना पड़ा।

AIIMS की रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आंखों में चोट लगने वाले कई मरीज सीधे डॉ. आरपी सेंटर की आई इमरजेंसी पहुंचे हो सकते हैं। ऐसे में आंखों से संबंधित सभी चोटों के मामले इन आंकड़ों में शामिल नहीं हैं।

दिवाली के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

दिवाली के दौरान सामने आए ये हादसे पटाखों से होने वाले खतरों की गंभीरता को उजागर करते हैं। खासकर बच्चों के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। आतिशबाजी के दौरान बच्चों को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए और पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी के साथ जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने चाहिए।

You May Also Like

More From Author