Muzaffarnagar में भीषण सड़क हादसा: कार में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हिसार से हरिद्वार जा रहे थे सभी

ख़बर रफ़्तार , मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क की दूसरी ओर पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कार सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रहे थे।

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, लगी भीषण आग

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब पांच बजे हादसे की सूचना मिली थी। बताया गया कि पानीपत की तरफ से आ रही एक कार तितावी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क की दूसरी तरफ जाकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटनाग्रस्त कार में आग लग गई।

हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित किया

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के अनुसार, आग की चपेट में आने से सभी लोगों की अत्यधिक झुलसने के कारण मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हिसार के परिवार से संपर्क करने में जुटी पुलिस

सीओ फुगाना नरेंद्र यादव ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन का संबंध हरियाणा के हिसार से होने की जानकारी मिली है। पुलिस हिसार में रह रहे परिवार के सदस्यों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही हरियाणा पुलिस से भी जानकारी साझा की जा रही है।

मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच जारी

पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसे के बाद उसमें आग कैसे लगी। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। हिसार से हरिद्वार की धार्मिक यात्रा पर निकला परिवार रास्ते में ही इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।

You May Also Like

More From Author