खबर रफ्तार, जयपुर: दिल्ली से जयपुर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1719 की लैंडिंग अस्थिर अप्रोच के कारण फेल हो गई। पायलट ने गो-अराउंड किया। करीब 10 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग हुई। विमान में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सवार थे।
दिल्ली से जयपुर पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1719 की लैंडिंग फेल होने से बुधवार दोपहर यात्रियों में दहशत फैल गई। दोपहर करीब 1:05 बजे विमान ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन रनवे को टच करते ही पायलट ने आखिरी क्षणों में फैसला बदलते हुए विमान को दोबारा हवा में उठा लिया।
इस फ्लाइट में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी सवार थे। घटना के दौरान कुछ देर के लिए यात्रियों में चिंता का माहौल रहा, हालांकि किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इस तरह की स्थिति पूरी तरह सुरक्षा मानकों के दायरे में आती है। यदि पायलट को किसी भी स्तर पर लैंडिंग सुरक्षित नहीं लगती, तो वह विमान को दोबारा हवा में उठाने का फैसला ले सकता है। जयपुर एयरपोर्ट पर इससे पहले भी लैंडिंग फेल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
एनसीपी नेता अजित पवार का चार्टर्ड विमान क्रैश
आज सुबह ही महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक पायलट ने सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया।

+ There are no comments
Add yours