Uttarkashi में रेड अलर्ट के बाद प्रशासन अलर्ट, गंगोत्री- यमुनोत्री धाम की यात्रा अस्थायी रूप से रोकी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, उत्तरकाशी : Uttarkashi मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट को देखते हुए उत्तरकाशी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हीना और डोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स से गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम की यात्रा को सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

कंट्रोल रूम से लगातार की जा रही निगरानी

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिले की सभी तहसीलों से बारिश, भूस्खलन और अन्य संभावित घटनाओं से संबंधित जानकारी लगातार जुटाई जा रही है।

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में लगे लाइव सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी हालात की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को मजबूत कर रहा है।

सड़कें बंद होने पर तत्काल खोलने के निर्देश

प्रशासन ने एनएच, बीआरओ, पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आवश्यक मशीनरी और मैनपावर तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। संभावित भूस्खलन या बारिश के कारण मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में सड़कों को जल्द से जल्द खोलने को कहा गया है।

इसके साथ ही जिले की सभी तहसीलों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति या मौसम संबंधी घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours