ख़बर रफ़्तार, ग्रेटर नोएडा: Yamuna Expressway पर जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार रात स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बस के अंदर फंसे 9 यात्रियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई। घटना के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, बस संख्या BR32PA8647 बुधवार रात नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 11 बजे जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास अचानक बस से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित निकाला
आग की सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू के दौरान फायर कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने धुएं के बीच बस के अंदर जाकर तलाशी ली, जहां 9 यात्री मृत अवस्था में मिले। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यात्रियों की मौत जलने और दम घुटने से हुई।
एसी में स्पार्क से आग लगने की आशंका
नोएडा पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। आशंका है कि इसके बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगी और देखते ही देखते आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
ड्राइवर-कंडक्टर पर यात्रियों ने लगाए आरोप
हादसे के बाद कुछ यात्रियों ने दावा किया कि आग लगते ही बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि ऊपरी हिस्से में सो रहे कई यात्री बाहर नहीं निकल सके।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, पुलिस मृतकों की पहचान और घायलों से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
फिलहाल यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात को नियंत्रित किया गया है और जली हुई बस को हटाने की कार्रवाई जारी है।

+ There are no comments
Add yours